नई दिल्ली, 07 फ़रवरी (हि.स.)। दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरिता विहार स्थित पैसिफिक मॉल में शनिवार दोपहर आग लगने से हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलते ही मॉल में मौजूद लोगों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।

मॉल के अंदर मौजूद सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 12 बजे पैसिफिक मॉल के चौथे फ्लोर से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मॉल में मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने तत्काल अलर्ट जारी किया और लोगों को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की। इसी दौरान दिल्ली पुलिस और फायर विभाग को घटना की सूचना दी गई।

सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर रवाना की गईं। दमकल विभाग के अधिकारी यशवंत मीणा ने बताया कि विभाग को दोपहर 12:20 बजे सरिता विहार स्थित पैसिफिक मॉल में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके के लिए रवाना की गईं। प्रारंभिक जांच में पता चला कि आग मॉल के चौथे फ्लोर पर लगी थी, जहां मेंटेनेंस का काम चल रहा था।
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की कुल आठ गाड़ियों को मौके पर तैनात किया गया। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान मॉल के आसपास का इलाका भी पूरी तरह सुरक्षित कर लिया गया ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो सके।
दमकल विभाग के अनुसार, जांच में सामने आया है कि चौथे फ्लोर पर मरम्मत और मेंटेनेंस का कार्य चल रहा था। इसी दौरान शॉर्ट सर्किट होने से थर्माकोल में आग लग गई, जिसने तेजी से आसपास के हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलती देख मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने तुरंत फायर विभाग को सूचना दी, जिससे समय रहते राहत कार्य शुरू किया जा सका।
दिल्ली पुलिस के जवान भी मौके पर पहुंच गए और भीड़ को नियंत्रित करने के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था संभाली। मॉल को एहतियातन खाली कराया गया और आसपास के दुकानों को भी अस्थायी रूप से बंद करा दिया गया। राहत की बात यह रही कि आग लगने की घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई। आग बुझाने के बाद फायर विभाग की टीम ने पूरे फ्लोर का निरीक्षण किया, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कहीं आग दोबारा भड़कने की आशंका न रहे। इसके बाद मॉल प्रबंधन को सुरक्षा मानकों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। आग लगने के कारण हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पुलिस और फायर विभाग की ओर से मामले की जांच जारी है। समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया, जिससे मॉल में मौजूद सैकड़ों लोगों ने राहत की सांस ली।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार अश्वनी
