देहरादून, 20 मार्च (हि.स.)। सर्वे ऑफ इंडिया के मुख्यालय को देहरादून से अन्यत्र स्थानांतरित करने के प्रस्ताव को अब तक कोई स्वीकृति नहीं दी गई है। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने मुख्यमंत्री को प्रेषित पत्र में स्पष्ट किया है कि इस संबंध में प्राप्त किसी भी प्रस्ताव को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से मंजूरी नहीं दी गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से उठाई गई चिंता के बाद केंद्रीय मंत्री ने पत्र लिखा है। केंद्रीय मंत्री उठाए गए मुद्दे की सराहना करते हुए कहा कि सर्वे ऑफ इंडिया का ऐतिहासिक, वैज्ञानिक और सामरिक महत्व अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने इस विषय पर मुख्यमंत्री की सक्रियता के लिए आभार भी व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि सर्वे ऑफ इंडिया का मुख्यालय लंबे समय से देहरादून में स्थित है और इसके संभावित स्थानांतरण को लेकर विभिन्न स्तरों पर चिंता व्यक्त की जा रही थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
