–विधिक साक्षरता, सेवा शिविर में लाभार्थियों के खिल उठे चेहरे

–पांच दिव्यांगों को ट्राई साइकिलें, 1203 लाभार्थियों को मिला योजना का लाभ

हमीरपुर, 22 फरवरी (हि.स.)। जिले के राजकीय डिग्री कॉलेज, कुछेछा, हमीरपुर में रविवार को उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के तत्वावधान में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर द्वारा एक वृहद विधिक साक्षरता एवं सेवा शिविर का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आमजन, ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को विधिक अधिकारों, सरकारी योजनाओं की जानकारी एवं लाभ तथा निःशुल्क विधिक सहायता प्रदान करना था, जिससे वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर विधिक सेवाओं का लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम का शुभारम्भ सैयद कमर हसन रिजवी, न्यायमूर्ति, इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा वर्चुअल माध्यम से सम्बोधित करते हुए किया गया। उन्होनें विधिक जागरूकता को सशक्त समाज की आधारशिला बताते हुए कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर निर्धन, वंचित एवं कमजोर वर्गों तक न्याय सुलभ कराना है। उन्होंने विद्यार्थियों को कानून की मूलभूत जानकारी प्राप्त कर सामाजिक उत्तरदायित्व निभाने हेतु प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला जज हमीरपुर मनोज कुमार राय द्वारा की गई। उनकी उपस्थिति में न्याय विभाग, प्रशासन के सभी विभागों एवं पुलिस विभाग के संयुक्त समन्वय से शिविर का सफल आयोजन सम्पन्न हुआ।
उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर समाज में विधिक चेतना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर डॉ० महेन्द्र कुमार पाण्डेय द्वारा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के विभिन्न प्रकल्पों एवं योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। इस अवसर पर प्रशासनिक विभागों द्वारा कुल 1203 लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। जिसमें लघु सिचाई विभाग, खेल विभाग, जिला उद्योग केन्द्र, जिला पंचयात विभाग, पशुचिकित्सा विभाग, नागरीय विकास, आग्रीण बैंक, प्रोबेशन, उद्यान, उपायुक्त स्वतः रोजगार, आई०टी०आई०, श्रम, कृषि, दिव्यांग जन कल्याण विभाग सम्मिलित रहे।
विशेष रूप से कृषि विभाग द्वारा ट्रेक्टर व मत्स्य विभाग द्वारा एक थ्री-व्हीलर भी वितरित किया गया। इस अवसर पर दिव्यांग कल्याण विभाग द्वारा 5 दिव्यांगजन को ट्राई-साइकिल भी दी गई। जनपद के समस्त न्यायिक अधिकारीगण, अपर पुलिस अधीक्षक, हमीरपुर मनोज कुमार गुप्ता, मुख्य विकास अधिकारी हमीरपुर अरुण कुमार सिंह तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता की और विधिक विषयों पर अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया। कार्यक्रम में राजकीय डिग्री कालेज, कुछेछा के छात्रों द्वारा दहेज प्रथा एवं समर्थ फाउंडेशन के बच्चों द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत पर नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति की गई।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा
