कोलकाता, 04 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ डोल यात्रा के दौरान कथित सांप्रदायिक टिप्पणी करने के मामले में कोलकाता में प्राथमिकी दर्ज की गई है। यह मामला भवानीपुर इलाके के बालीगंज थाने में दर्ज किया गया है।

जानकारी के अनुसार वामपंथी दल भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की युवा इकाई के नेता सैनिक सूर ने बालीगंज थाना में शिकायत दर्ज कराई गई है। जिसमें आरोप लगाया गया है कि डोल यात्रा के अवसर पर दिए गए बयान में अधिकारी ने ऐसे शब्दों का प्रयोग किया जो सांप्रदायिक तनाव को बढ़ा सकते हैं और धर्मनिरपेक्ष विचारधारा रखने वाले लोगों के खिलाफ वैमनस्य पैदा कर सकते हैं।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि इस तरह की टिप्पणियों से सामाजिक सौहार्द बिगड़ सकता है और पहले से ही कुछ स्थानों पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सांप्रदायिक सौहार्द बहुलतावादी समाज के लिए आवश्यक है और ऐसे बयान इसे प्रभावित कर सकते हैं। कोलकाता पुलिस ने पुष्टि की है कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।
दरअसल, डोल यात्रा के दिन शुभेन्दु अधिकारी ने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र में साधुओं, स्थानीय कार्यकर्ताओं और समर्थकों के साथ उत्सव में भाग लिया था। यह इलाका मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का निर्वाचन क्षेत्र है। इस दौरान उन्होंने कथित रूप से छद्म धर्मनिरपेक्षता और नास्तिकता के खिलाफ बयान देते हुए आगामी विधानसभा चुनाव के संदर्भ में हिंदू एकता की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर
