पलामू, 13 मार्च (हि.स.)। सांसद विष्णु दयाल राम ने शुक्रवार को नई दिल्ली में एनएचएआई के चेयरमैन संतोष कुमार यादव से मिलकर वार्ता की और पत्र सौंपकर पलामू में एनएच-39 पर जोरकट में टोल प्लाजा को चालू कर देने से आवगमन में हो रही कठिनाईयों से अवगत कराया।

सांसद ने कहा कि सड़क निर्माण पूरा नहीं हुआ है और टोल टैक्स लिया जा रहा है। उन्होंने एनएचएआई के चेयरमैन से सडक निर्माण पूरा होने के बाद ही जोरकट में टोल वसूल करने का आग्रह किया।
सांसद ने कहा कि जोरकट का टोल प्लाजा भोगू-शंखा खंड एनएच-39 पर स्थित है, जो रांची-वाराणसी कॉरिडोर के अंतर्गत भारतमाला परियोजना का हिस्सा है।
मेदिनीनगर शहर को राष्ट्रीय राजमार्ग से जोड़ने के लिए एनएचएआई की ओर से एक कनेक्टिंग रोड बनाए जाने की भी योजना है, लेकिन इस परियोजना पर अब तक कार्य शुरू नहीं किया गया है। इसी खंड पर पोखराहा और जोड़ गांव में प्रस्तावित दो फ्लाईओवर (वीयूपी) का निर्माण भी अभी तक शुरू नहीं किया गया है।
सांसद ने बताया कि 07 मार्च से टोल वसूली शुरू कर दी गयी है, जबकि इस खंड का सड़क निर्माण कार्य अभी पूर्ण रूप से समाप्त नहीं हुआ है। विशेष रूप से टोल प्लाजा के आसपास का क्षेत्र अभी अधूरा है। टोल प्लाजा से रांची की ओर लगभग चार किलोमीटर तक का हिस्सा अभी भी निर्माणाधीन है, जिसकी शुरुआत टोल प्लाजा से लगभग 100 मीटर की दूरी से ही होती है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी दुबियाखंड, जोरकट, चियांकी, पोखराहा, जोड़, सिंगरा कला, लोहडा, पंडवा एवं राजहरा जैसे आसपास के गांवों में अधूरे पड़े निर्माण कार्यों को लेकर एनएचएआई पदाधिकारियों को अवगत कराया था, इन क्षेत्रों में कार्य की प्रगति अभी भी धीमी और असंतोषजनक बनी हुई है।
ऐसे में जब तक सड़क निर्माण कार्य पूरी तरह से समाप्त नहीं हो जाता, तब तक टोल वसूली को बंद किया जाय। उन्होंने चेयरमैन से सभी लंबित कार्यों को जल्द शुरू कर समयबद्ध तरीके से पूरा करने के लिए जरूरी कार्रवाई करने का आग्रह किया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार
