नोएडा, 28 जनवरी (हि.स.)। नोएडा के विभिन्न जगहों पर रहने वाले तीन लोगों को साइबर अपराधियों ने अपना शिकार बनाया। अपराधियों ने शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने के नाम पर दो लोगों से एक करोड़ 20 लाख रुपए की ठगी कर ली, जबकि एक व्यक्ति से साइबर अपराधियों ने ई- चालान के नाम पर एक लाख 19 हजार रुपए ठग लिया।

पुलिस उपायुक्त साइबर क्राइम शैव्या गोयल ने बुधवार काे बताया कि सेक्टर 14 में रहने वाले योगेंद्र गहतोहरी 67 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति हैं। उन्होंने बीती रात को साइबर क्राइम थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। कुछ दिन पूर्व उनके पास एक व्यक्ति का मैसेज आया। उसमें उनसे शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करने के लिए कहा गया था। मैसेज में दिए गए नंबर पर जब उन्होंने संपर्क किया तो उनसे आरोपित ने कहा कि अगर वह शेयर मार्केट में इन्वेस्ट करते हैं तो उन्हें मोटा मुनाफा होगा। पीड़ित के अनुसार आरोपिताें ने अपने जाल में फंसाकर उनसे एक ऐप डाउनलोड करवाया तथा शेयर मार्केट में इन्वेस्टमेंट करवाना शुरू कर दिया। शुरुआती दौर में उन्हें कुछ फायदा हुआ। धीरे-धीरे आरोपियों ने उनसे अपने विभिन्न खातों में 82 लाख 52 हज़ार 927 रुपये इन्वेस्ट करवा लिया। ऐप पर उन्हें अपनी रकम काफी बढ़ी हुई दिखाई दे रही थी। जब उन्होंने रकम निकालने का प्रयास किया तो आरोपियों ने टैक्स आदि के नाम पर उनसे लाखों रुपए की मांग की। तब उन्हें साइबर ठगी का एहसास हुआ। अपर उपायुक्त ने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।

उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में सेक्टर 49 में रहने वाले जोधा भट्टाचार्य ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इस मामले में भी साइबर अपराधियों उपराेक्त तरीका अपनाते हुए अपने विभिन्न खातों में 35 लाख 37 हजार रुपये डलवा लिये। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसी तरह एक अन्य मामले में एक व्यक्ति ने बीती रात को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है कि वह सेक्टर 15 -ए में रहते हैं। पीड़ित के अनुसार साइबर अपराधियों ने उनके मोबाइल फोन पर एक मैसेज भेजा तथा कहा कि उनके वाहन का ई- चालान हुआ है। उन्होंने उनकी बात पर विश्वास कर लिया, तथा मैसेज में दिए गए लिंक के माध्यम से उन्होंने एप खोला तो उनके वाहन का चालान उस पर दिखाई दे रहा था। उन्होंने बताया कि साइबर अपराधियों ने ऑनलाइन पेमेंट करने के लिए कहा। जैसे ही उन्होंने अपने क्रेडिट कार्ड के माध्यम से पेमेंट किया साइबर अपराधियों ने उनके खाते से एक लाख 19 हजार 417 रुपए निकाल लिये। उन्होंने बताया कि घटना की रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
—————
हिन्दुस्तान/सुरेश
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी
