धौलपुर, 10 फ़रवरी (हि.स.)। साइबर अपराध नियंत्रण के लिए पुलिस एवं बैंकों के बीच समन्वय आवश्यक

कलेक्ट्रेट में हुई जिला पुलिस एवं बैंक अधिकारियों की बैठक

धौलपुर। जिला पुलिस एवं बैंकों के अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित की गई। बैठक में साइबर अपराध की रोकथाम एवं जागरूकता के संबंध में मंथन हुआ। बैठक में बैंक और एटीएम की सुरक्षा के उपायों पर भी चर्चा हुई।
इस मौके पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने कहा कि साइबर अपराध रोकने के लिए पुलिस एवं बैंकों के बीच मजबूत समन्वय होना जरूरी है। उन्होंने शहर के समस्त बैंकों के प्रबंधकों के साथ समन्वय बैठक में साइबर अपराध, बैंकिंग धोखाधड़ी, ऑनलाइन फ्रॉड, संदिग्ध लेन-देन, एटीएम एवं बैंक शाखाओं की सुरक्षा व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में बैंक प्रबंधकों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या साइबर फ्रॉड की सूचना तत्काल पुलिस को उपलब्ध कराई जाए, जिससे समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इसके साथ ही बैंक प्रबंधकों से अपेक्षा की गई कि वे ग्राहकों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति लगातार जागरूक करें तथा सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराधों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिसका सीधा असर आम नागरिकों की मेहनत की कमाई पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस जनधन की सुरक्षा एवं साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए हर संभव कदम उठा रही है और भविष्य में भी बैंकों के साथ निरंतर समन्वय बनाकर कार्य किया जाएगा। बैठक के अंत में पुलिस एवं बैंक अधिकारियों के बीच आपसी समन्वय को और अधिक मजबूत बनाए रखने पर सहमति व्यक्त की गई। बैठक में जिले की बैंकों के अधिकारी एवं यातायात पुलिस प्रभारी बलविंदर सिंह सहित सायबर थाना के अधिकारी एवं पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / प्रदीप
