जयपुर, 26 मार्च (हि.स.)। राजस्थान में डिजिटल डेटा सुरक्षा को लेकर गंभीर चेतावनी जारी की गई है। इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर के अवलोकनों के आधार पर सामने आया है कि साइबर अपराधियों ने अब नेटवर्क अटैच्ड स्टोरेज डिवाइस को अपना नया निशाना बना लिया है। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देश पर जारी इस एडवाइजरी में संस्थानों को सतर्क रहने के लिए कहा गया है।

उपमहानिरीक्षक (साइबर क्राइम) शांतनु कुमार सिंह के अनुसार, साइबर हमलावर बेहद सुनियोजित तरीके से इंटरनेट पर असुरक्षित या खुले एनएएस सिस्टम की पहचान करते हैं। कमजोर पासवर्ड और पुराने सॉफ्टवेयर का फायदा उठाकर वे सिस्टम में घुसपैठ करते हैं और महत्वपूर्ण डेटा को या तो कॉपी कर लेते हैं या एन्क्रिप्ट कर लॉक कर देते हैं। इसके बाद संस्थानों से भारी फिरौती की मांग की जाती है और संवेदनशील जानकारी सार्वजनिक करने की धमकी दी जाती है।
इस खतरे के दायरे में चार्टर्ड अकाउंटेंसी फर्म, आईटी और कंसल्टिंग एजेंसियां, अस्पताल, मीडिया संस्थान और शैक्षणिक संस्थाएं प्रमुख रूप से शामिल हैं, क्योंकि इनके पास बड़ी मात्रा में गोपनीय और वित्तीय डेटा सुरक्षित रहता है। हाल के दिनों में इन क्षेत्रों पर रैनसमवेयर हमलों की घटनाओं में बढ़ोतरी देखी गई है।
एडवाइजरी में संस्थानों को अपने सिस्टम की सुरक्षा मजबूत करने के लिए कई जरूरी कदम उठाने की सलाह दी गई है। इसमें एनएएस सिस्टम की इंटरनेट पर सीधी पहुंच सीमित करना, मल्टी फैक्टर ऑथेंटिकेशन और मजबूत पासवर्ड का उपयोग करना, सॉफ्टवेयर को नियमित रूप से अपडेट रखना और सभी सुरक्षा पैच लागू करना शामिल है।
साथ ही डेटा का नियमित बैकअप लेकर उसे ऑफलाइन सुरक्षित रखने, सिस्टम की लगातार निगरानी करने और संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा गया है।
विशेषज्ञों ने यह भी सलाह दी है कि किसी भी आपात स्थिति में डेटा रिकवरी की व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाए और यदि सिस्टम प्रभावित हो जाए तो उसे तुरंत नेटवर्क से अलग कर दिया जाए। आवश्यकता पड़ने पर साइबर विशेषज्ञों की मदद लेना भी जरूरी बताया गया है।
साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या साइबर थाने में सूचना देने के साथ ही साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1930 और साइबर हेल्पडेस्क नंबर 9256001930/9257510100 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित
