

सारण, 11 मार्च (हि.स.)। जिले में रसोई गैस के पारदर्शी वितरण और कालाबाजारी पर पूर्ण अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। जिलाधिकारी के निर्देशानुसार जिले की सभी गैस एजेंसियों पर सतत निगरानी रखने के लिए 21 दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

जिला सूचना जनसंपर्क पदाधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि जिला प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उपभोक्ताओं को बिना किसी बाधा के निर्धारित मूल्य पर गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके। आदेश के अनुसार सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी अपने से संबद्ध गैस एजेंसियों के भंडारण और वितरण प्रक्रिया की प्रतिदिन बारीकी से जांच करेंगे। साथ ही उन्हें अपनी जांच से संबंधित दैनिक प्रतिवेदन जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि वितरण में किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी
।जिलाधिकारी ने आम जनता से अपील की है कि वे गैस की किल्लत या मूल्य वृद्धि जैसी किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
