
सारण, 10 मार्च (हि.स.)। समाहरणालय स्थित जिलाधिकारी कार्यालय कक्ष में संबल योजना के तहत मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल वितरण हेतु गठित जिला स्तरीय स्क्रीनिंग समिति की बैठक संपन्न हुई।

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में दिव्यांगजनों को सशक्त बनाने और उन्हें सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की दिशा में कई निर्णय लिए गए। बैठक के दौरान समिति के समक्ष कुल 159 आवेदन विचारार्थ प्रस्तुत किए गए।
जिलाधिकारी द्वारा आवेदनों की गहन समीक्षा की गई, जिसके उपरांत 78 आवेदनों को मानकों के अनुरूप पाए जाने पर स्वीकृति प्रदान की गई।
शेष आवेदनों को आवश्यक अर्हता पूरी न करने के कारण अस्वीकृत कर दिया गया। पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने शेष बचे आवेदनों में संलग्न दिव्यांगता प्रमाण पत्रों के सत्यापन का जिम्मा सिविल सर्जन को सौंपा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि संबंधित चिकित्सा पदाधिकारियों से इन प्रमाण पत्रों की सत्यता की जांच कराई जाए ताकि पात्र लाभार्थियों को ही योजना का लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को निर्देशित किया है कि प्रखंड स्तर पर स्थलीय जांच हेतु लंबित सभी आवेदनों की प्रक्रिया तीन कार्यदिवस के भीतर पूर्ण करें और जांच रिपोर्ट अविलंब जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग को उपलब्ध कराएं। इसके साथ ही, सहायक निदेशक जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग को भी आदेश दिया गया कि वे सभी प्रखंडों से वितरण हेतु लंबित सहायक उपकरणों की सूची प्राप्त करें, ताकि वितरण प्रक्रिया को जल्द से जल्द शुरू किया जा सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय कुमार
