खूंटी , 16 मार्च (हि.स.)। जिले में लघु वनोपज के संग्रहण, क्रय और विपणन व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से एआरसीएस कार्यालय में साल और करंज बीज के संग्रहण एवं विपणन विषय पर एक दिवसीय जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में जिला सहकारिता पदाधिकारी रवीन्द्र दास तथा सहायक निबंधक, सहयोग समितियां (एआरसीएस) खूंटी कुमारदीप एक्का की उपस्थिति रही।

कार्यशाला में क्रय एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने प्रतिभागियों को बीज संग्रहण और विपणन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। बेलप्रो इंडिया प्रा लि की प्रतिनिधि ईशिका ने साल बीज की खरीद प्रक्रिया, गुणवत्ता मानक और संग्रहण के तरीकों पर विस्तार से जानकारी साझा की। वहीं तर्विवा इंडिया प्रा लि की प्रतिनिधि अनन्या सिंह ने करंज बीज के क्रय, गुणवत्ता निर्धारण तथा बाजार की मांग से जुड़े पहलुओं पर प्रकाश डाला।
इस अवसर पर सिद्धको फेड के वरिष्ठ प्रबंधक (ट्रेड एवं मार्केटिंग) कुमार सौरव तथा उत्पादन एवं भंडारण सलाहकार रोहित कुमार भी उपस्थित रहे। उन्होंने विभिन्न एमपीसीएस और एफपीओ के प्रतिनिधियों के साथ संवाद करते हुए संग्रहण, भंडारण, गुणवत्ता प्रबंधन तथा विपणन से जुड़े व्यावहारिक पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य साल और करंज बीज के संग्रहण, क्रय एवं विपणन तंत्र को मजबूत बनाना तथा सहकारी समितियों और उत्पादक संगठनों को बेहतर बाजार से जोड़ना था। इस दौरान प्रतिभागियों को गुणवत्ता मानकों, मूल्य निर्धारण प्रक्रिया और क्रय प्रणाली के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने उम्मीद जताई कि इस पहल से जिले में लघु वनोपज आधारित आजीविका को बढ़ावा मिलेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मिश्रा
