बांदा, 06 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बांदा जिला अधिवक्ता संघ की ओर से शुक्रवार काे संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं हिंदी साहित्य के कालजयी कवि केदारनाथ अग्रवाल की स्मृति में एक गरिमामय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जनपद बांदा के वरिष्ठ साहित्यकार कृष्ण दत्त सिंह को ‘केदार सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें प्रशस्ति पत्र के साथ 5100 रुपये की सम्मान राशि प्रदान की गई।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार केशव तिवारी ने की। उन्होंने कृष्ण दत्त सिंह के साहित्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे अपने आसपास के सामाजिक सरोकारों से ही अपनी रचनाओं की विषयवस्तु ग्रहण करते हैं। उनके गद्य में परिवेश का प्रभाव भी दिखाई देता है और ओज भी। उनकी लेखनी पाठक से जुड़ने वाली लेखनी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संघ के पूर्व अध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद सिन्हा ने कहा कि कृष्ण दत्त सिंह को इस सम्मान से सम्मानित होते देखना जनभावनाओं और सामाजिक सरोकारों का सम्मान होने जैसा है। यह क्षण निश्चय ही संघ और उनके लिए गर्व का विषय है।
वरिष्ठ साहित्यकार सुधीर सिंह ने कृष्ण दत्त सिंह के साहित्य पर विस्तृत चर्चा करते हुए उनकी विभिन्न रचनाओं की परंपरा और लेखन शैली को रेखांकित किया। वहीं, जिला अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष अवधेश गुप्ता ‘खादी वाला’ ने कहा कि एक लेखक अपने भीतर से ही वे सभी संवेदनाएं उत्पन्न करता है, जो उसे सशक्त लेखन के लिए प्रेरित करती हैं।
वरिष्ठ साहित्यकार गोपाल गोयल ने कहा कि कृष्ण दत्त सिंह एक नियमित लेखक हैं। नौकरी के बाद भी इस तरह का प्रवाहपूर्ण लेखन करना लेखक और समय—दोनों के लिए बड़ी चुनौती होती है, जिसे उन्होंने अपने साहित्य के माध्यम से सफलतापूर्वक साधा है।
कार्यक्रम को शंकर सिंह गौतम, अशोक त्रिपाठी ‘जीतू’, रणवीर सिंह चौहान, अमर उजाला के पूर्व संपादक अनिल शर्मा, एल्डर कमेटी के अध्यक्ष राकेश सिन्हा तथा साहित्यकार एवं कवि जवाहरलाल जलज ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि केशव तिवारी रहे। अध्यक्षता जिला अधिवक्ता संघ बांदा के अध्यक्ष द्वारिकेश सिंह यादव ‘मंडेला’ ने की। कार्यक्रम का संचालन रोहन सिंह ने किया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता मंजर अली, राम मिलन सिंह पटेल, कोषाध्यक्ष राजीव गुप्ता, राम दयाल वर्मा, चुनुवाद वर्मा, शिवदयाल प्रजापति, यज्ञ स्वरूप गुप्ता, निखिल सक्सेना, आदित्य सिंह वर्मा सहित सैकड़ों अधिवक्ता और साहित्यकार उपस्थित रहे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह
