कानपुर, 25 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में कानपुर के सचेण्डी थाना क्षेत्र अंतर्गत एक युवक ने साेशल मीडिया प्लेटफार्म इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर 16 वर्षीय किशोरी के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। पीड़िता की मां की तहरीर पर थाना में आरोपित के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आराेपित काे गिरफ्तार भी कर लिया है।

पनकी थाना क्षेत्र अंतर्गत रहने वाली 16 वर्षीय नाबालिग अपनी मां के साथ रहती है। कुछ वर्ष पहले पिता की मौत हो चुकी है। करीब एक महीने पहले इंस्टाग्राम पर सचेण्डी के भगवन्तपुर निवासी विशाल कमल से उसकी दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच नंबरों का आदान-प्रदान हुआ। जिसके बाद फोन पर दोनों की बातचीत होने लगी। सचेण्डी के एक गांव में किशोरी की मौसी भी रहती है। किशाेरी ने आराेपित काे बताया कि माैसी के घर आना है। इस पर आराेपित रास्ते में किशाेरी से मिला और कहा कि आओ मैं तुम्हे वहां छोड़ दूंगा। शातिर युवक नाबालिग को साइकिल में बिठाकर मौसी के घर ले जा रहा था, तभी किसान नगर के आगे निर्माणाधीन भवन के पास सुनसान जगह पर युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने रविवार को बताया कि आरोपित काे गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
