भुवनेश्वर, 27 मार्च (हि.स.)। ओडिशा विजिलेंस विभाग ने सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता पंचु बेहेरा को आय से अधिक संपत्ति रखने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

वर्तमान में बेहरा सिंचाई विभाग के तहत गंजाम जिले के भंजनगर स्थित इरिगेशन सब-डिवीजन में एसडीओ के पद पर तैनात हैं। विजिलेंस की जांच में उनके पास ज्ञात आय से कहीं अधिक संपत्ति होने का खुलासा हुआ है।
विजिलेंस टीम ने उनके विभिन्न ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाकर कई संपत्तियां जब्त की हैं। बरामद संपत्तियों में ब्रह्मपुर में एक बहुमंजिला इमारत, पांच प्लॉट, 18.90 लाख रुपये नकद, लगभग 90 लाख रुपये की जमा राशि, 568 ग्राम सोना और करीब 94 लाख रुपये मूल्य की भारी मशीनरी शामिल है।
इस मामले में उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 2018 के तहत केस नंबर 03/2026 दर्ज किया गया है। उन्हें ब्रह्मपुर स्थित विशेष न्यायाधीश (विजिलेंस) की अदालत में पेश किया जाएगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनीता महंतो
