नाहन, 15 अप्रैल (हि.स.)। जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल के पझौता क्षेत्र में मंगलवार देर रात भीषण अग्निकांड हुआ, जहां लकड़ी का एक मकान जलकर राख हो गया। इस घटना में गोशाला भी आग की भेंट चढ़ गई, जिसमें गाय और बछड़ा जिंदा जल गए। गनीमत ये रही कि यहां रह रहा एक परिवार आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।

घटना जदोल-टपरोली पंचायत के टपरोली गांव की है, जहां रात करीब 11:00 बजे मनोज ठाकुर पुत्र स्वर्गीय बलदेव ठाकुर के मकान में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा घर आग की लपटों में घिर गया।
आग इतनी तेजी से फैली कि घर में रखा सारा सामान कुछ ही पलों में जलकर राख हो गया। मकान से उठते आग के बड़े गोलों और धुएं को देख स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और आग पर काबू पाने की भरसक कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।घटना के दौरान मनोज के घर में रह रहे राजू और उनका परिवार किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि, आग की चपेट में आकर एक गाय और एक बछड़े की मौत हो गई। इस घटना से पीड़ित परिवार को भारी नुकसान उठाना पड़ा है।
इस दुखद घटना पर देवठी मझगांव वार्ड से निवर्तमान जिला परिषद सदस्य विनय भगनाल और हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश महासचिव मनीष भगनाल ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवार को त्वरित आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर
