नाहन, 16 फ़रवरी (हि.स.)। जिला सिरमौर में साेमवार काे दो अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 3 युवक घायल हुए हैं। दोनों मामलों में संबंधित पुलिस थानों में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

पहला हादसा पुलिस थाना राजगढ़ क्षेत्र के तहत देवठी मझगांव के समीप कुंथल धार में हुआ। पुलिस ने नरवीर सिंह के बयान पर सड़क दुर्घटना का केस दर्ज किया है। नरवीर सिंह ने पुलिस को बताया कि एक कार HP 16A-5019 सड़क से नीचे गिरी थी। इस वाहन में एक नेपाली महिला, एक नेपाली पुरुष और स्थानीय निवासी अमन पुत्र सुखराम सवार थे। ये तीनों गंभीर रुप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए आईजीएमसी शिमला ले जाया गया, जहां रास्ते में नेपाली महिला और पुरुष की मौत हो गई, जबकि अमन का उपचार जारी है। वाहन को अमन चला रहा था। मृतकों की पहचान नेपाली मूल के राम बहादुर (62) और उनकी पत्नी मीना देवी (60) के तौर पर हुई है। ये दोनों बगीचों में काम करते थे। पुलिस ने मामले में आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

दूसरा हादसा पुलिस थाना पच्छाद के चरावग में सामने आया। नाहन के कौलांवालाभूड़ निवासी गौरव परमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह अपने दोस्त नितीश पुंडीर के साथ मोटरसाइकिल (HP18B-7028) पर भूर्शिंग मंदिर से लौट रहा था। जब वह चगावग के समीप पहुंचे तो सराहां की ओर से तेज रफ्तार टिप्पर ने गलत दिशा में आकर बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठे नितीश पुंडीर की दोनों टांगें कुचल गईं। वहीं, चालक टिप्पर को लेकर मौके से फरार हो गया। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि दोनों सड़क हादसों की जांच जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर
