सिरसा, 07 फ़रवरी (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये का करीब 68 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। तस्करों ने चूरापोस्त दिल्ली से पार्सल से मंगवाया था और इसे सिरसा व आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जाना था, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इसे पहले ही जब्त कर लिया।

सिरसा के पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने शनिवार को बताया कि पुलिस हरियाणा स्टेट नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने कीर्तिनगर क्षेत्र से कार सवार दो तस्करों को गिरफ्तार कर करीब 28 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया।

पुलिस पूछताछ में तस्कर विवेक व संजय ने बताया कि वे दिल्ली से पार्सल के माध्यम से चूरापोस्त मंगवाते हैं और डिमांड के हिसाब से सिरसा व आसपास की क्षेत्रों में सप्लाई करते हैं।
आरोपियों से गहनता से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि सिरसा की एसके ट्रांसपोर्ट कंपनी पर हमारा पार्सल आने वाला है। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसके ट्रांसपोर्ट कंपनी पर पहुंचकर देखा तो वहां पर सफेद रंग का एक डिब्बे में लिपटा हुआ पार्सल आया हुआ था। पार्सल में पुलिस को चार प्लास्टिक के पॉलिथीन मिले जिन्हें खोल कर देखा तो 40 किलो 450 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारण ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवकों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
