सिरसा, 07 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा सरकार के उद्योग मंत्री राव नरबीर सिंह द्वारा फायर विभाग के कर्मचारियों के खिलाफ आपत्तिजनक बयान के विरोध में शनिवार को कर्मचारियों ने सिरसा में मंत्री नरबीर सिंह का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि अगर समय रहते मंत्री द्वारा कर्मचारियों से माफी नहीं मांगी गई तो आगामी समय में अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।

फायर विभाग यूनियन के जिला प्रधान राजेश खिचड़ ने कहा कि सरकार के किसी भी मंत्री द्वारा ऐसा आपत्तिकजनक बयान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भाजपा सरकार भी ऐसा आश्वासन दे कि भविष्य में किसी भी मंत्री द्वारा ऐसा आपत्तिजनक बयान नहीं दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंत्री जल्द से जल्द माफी मांगें। कर्मचारी नेता राजेश खिचड़ ने कहा कि सरकार कर्मचारियों की मांगों को पूरा करें, अन्यथा 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्र व्यापी हड़ताल में एक-एक कर्मचारी भाग लेगा और पूरे भारत में चक्का जाम होगा। इस मौके पर कर्मचारी नेता सुखदेव सिंह, मदनलाल खोथ, रमेश सनी, ललित सोलंकी, रमेश, अजय पासी, महेंद्र शर्मा, अशोक पटवारी, बाबूलाल, नरेश व कुलदीप सहित फायर विभाग के कर्मचारी उपस्थित थे।

—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
