सिरसा, 01 फ़रवरी (हि.स.)। सिरसा जिले के गांव लोहगढ़ के निकट कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पंजाब के श्री मुक्तसर साहिब जिला निवासी अमनदीप जेसीबी चलाता था। वह गांव सकताखेड़ा में चल रहे पानी की पाइन लाइन की खुदाई के काम में लगा हुआ था।

शनिवार देर शाम को वह काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। गांव लोहगढ़ के निकट एक कार ने उसकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों के अनुसार अमनदीप अवविवाहित था और इन दिनों गांव सकताखेड़ा में काम कर रहा था।
पुलिस ने परिजनों के बयान पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। वहीं रविवार को शव का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। उधर, गांव खैरेका के निकट मिस्त्री का काम करने वाले एक व्यक्ति ने शनिवार को घग्घर नदी में छलांग लगा कर आत्महत्या कर ली। आसपास के लोगों ने उसे घग्घर में छलांग लगाते हुए देख लिया और इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शव को नदी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान गांव चक्कां निवासी सुरेंद्र कुमार के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार सुरेंद्र गांव पन्नीवाला मोटा में दुकान है और वह टै्रक्टर मिस्त्री है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने परिजनों के बयान दर्ज कर रविवार को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
