सिरसा, 16 मार्च (हि.स.)। जिले के गांव मटदादू के पास कार व मोटरसाइकिल की टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को डबवाली के नागरिक अस्पताल में पहुंचाया, जहां गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है।

बताया जा रहा है कि गोंडा निवासी संतोष, फिरोजाबाद निवासी जीतू व एक अन्य युवक डबवाली की बेकरी में काम करते थे और रविवार की छुट्टी के चलते तीनों गांव गोरीवाला में किसी रिश्तेदार से मिलने गए थे। तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर रात को डबवाली लौट रहे थे। गांव मटदादू के पास कार व मोटरसाइकिल की सीधी टक्कर हो गई। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही डबवाली सदर थाना प्रभारी टीम सहित मौके पर पहुंचे और तीनों को नागरिक अस्पताल में पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने संतोष व जीतू को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल था, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया गया है। पुलिस के अनुसार हादसे के बाद कार चालक कार को मौके पर छोडक़र से फरार हो गया। पुलिस ने कार को अपने कब्जे में ले लिया है। सोमवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
