
सिरसा, 26 जनवरी (हि.स.)। सिरसा के शहीद भगत सिंह खेल स्टेडियम में सोमवार को जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस समारोह धूमधाम से मनाया गया। हरियाणा के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग मंत्री विपुल गोयल ने झंडा फहराया और परेड का निरीक्षण कर मार्च पास्ट की सलामी ली। इससे पहले मंत्री विपुल गोयल ने लघु सचिवालय स्थित शहीद स्मारक व स्वतंत्रता सेनानी स्मारक पर अमर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। समारोह में देशभक्ति से ओतप्रताप सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी गई।

मंत्री गोयल ने कहा कि आज ही के दिन 76 वर्ष पहले सन 1950 को हमारा संविधान लागू हुआ था। इसी संविधान ने हमें न्याय, स्वतंत्रता, समानता के मौलिक अधिकार दिए। इसी दिन भारत विश्व का सबसे बड़ा संप्रभुता सम्पन्न, लोकतांत्रिक गणराज्य बना। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद से ही भारत दुनिया में एक बड़ी ताकत के तौर पर अपनी पहचान बनाने में कामयाब रहा है। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि देश प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चहुंमुखी प्रगति कर रहा है। आज देश ने मिसाइलें ही नहीं बनाई, बल्कि चंद्रयान, सूर्ययान और मंगलयान जैसे मिशन भी सफलतापूर्वक संचालित किए हैं। देश की प्रगति के इस सफर में हरियाणा का भी महत्वपूर्ण योगदान है। हरियाणा ने भी प्रदेश के सामाजिक-आर्थिक विकास को नए आयाम प्रदान किये हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य एवं खेलों में भी हमने नई ऊँचाइयों को छुआ है। हमारी कई नीतियों और योजनाओं का देश के दूसरे राज्य अनुसरण कर रहे हैं।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया को पद्मश्री मिलने पर दी बधाई
मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि भारत सरकार द्वारा सिरसा की बेटी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी सविता पूनिया को पद्मश्री सम्मान से अलंकृत किया गया है। यह सम्मान उनकी वर्षों की कड़ी मेहनत, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का परिणाम है। सविता पूनिया आज देश की लाखों बेटियों के लिए प्रेरणा हैं। हरियाणा सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने, उत्कृष्ट खिलाडिुयों को प्रोत्साहन देने तथा ‘बेटी बचाआ-बेटी पढ़ाओ’ जैसी योजनाओं के माध्यम से बेटियों को शिक्षा, खेल और हर क्षेत्र में आगे बढऩे का जो अवसर दिया जा रहा है, उसका सशक्त उदाहरण सविता पूनिया हैं। उनकी यह उपलब्धि साबित करती है कि जब बेटियों को समान अवसर और सहयोग मिलता है, तो वे प्रदेश ही नहीं, पूरे देश का नाम रोशन करती हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
