सिरसा, 07 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की सिरसा यूनिट ने शहर के कीर्तिनगर क्षेत्र से दो नशा तस्करों को करीब 29 किलोग्राम चूरापोस्त सहित गिरफ्तार किया है। सिरसा यूनिट इंचार्ज वीरेंद्र सिंह ने शनिवार को बताया कि पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली कि कार सवार दो युवक कीर्तिनगर क्षेत्र में नशा बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान एक कार आती दिखाई दी जो कि सामने पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गए। पुलिस ने शक के आधार पर कार का पीछा कर उसे रोका और तलाशी ली तो कार से 29 किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पकड़े गए तस्करों की पहचान सिरसा निवासी विवेक व संजय के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

युवाओं को नशे से दूर रहने का आह्वान

जमाल चौकी प्रभारी रामकुमार ने गांव के खेल स्टेडियम में पहुंचकर युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश दिया। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे खेलों को अपनाकर समाज का नाम रोशन करें। चौकी प्रभारी ने कहा कि नशा आज समाज के लिए एक गंभीर और बड़ी चुनौती बन चुका है इसलिए युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेलों से जुडऩा बेहद जरुरी है। समाज से नशे को पूर्ण रुप से खत्म करने के लिए युवाओं को अपनी अहम जिम्मेदारी निभानी होगी तभी हम नशा मुक्त समाज की कल्पना कर सकते है। उन्होंने कहा कि नशे की रोकथाम के लिए पुलिस प्रशासन, सामाजिक संगठनों और खासकर युवाओं को मिलकर संयुक्त प्रयास करने होंगे। साथ ही नशे के आदी लोगों को इलाज और पुनर्वास की सुविधाएं उपलब्ध कराना भी बेहद आवश्यक है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
