सिरसा, 06 फ़रवरी (हि.स.)। स्थानीय पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए सिरसा जिले क्षेत्र से छह नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्करों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से करीब साढ़े तीन लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की गई है। एएनसी स्टाफ प्रभारी डबवाली रणजोत सिंह ने शुक्रवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान तख्तमल रोड मंडी कालांवाली से दादू रोड मंडी कालांवाली की तरफ जा रहे थी।

इसी दौरान पार्क वाली गली से एक मोटरसाइकिल सवार युवक आता दिखाई दिया जो सामने पुलिस टीम को देखकर वापस मुडक़र गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान रवि कुमार के रूप में हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी रवि ने बताया कि उसे गोरा सिंह ने हेरोइन सप्लाई की थी, जिस पर पुलिस ने गोरा सिंह को भी काबू कर लिया है।

सीआईए कालांवाली पुलिस ने कालांवाली शहर क्षेत्र से साहब राम को हेरोइन सहित पकड़ा है। सीआईए कालांवाली प्रभारी सुरेश कुमार ने बताया कि आरोपी साहब राम बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल पर सवार था।
पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर लिया और तलाशी ली तो उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। पुलिस पूछताछ में आरोपी साहब राम ने बताया कि कालांवाली निवासी एक महिला ने उसे हेरोइन सप्लाई की थी, जिस पर पुलिस ने आरोपी महिला को भी काबू कर लिया। इसके अलावा सीआईए डबवाली पुलिस ने गांव देसूजोधा क्षेत्र से सुखविंद्र सिंह व बीरबल को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की है। दोनों आरोपी पंजाब के रहने वाले हैं। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में अभियोग दर्ज किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
