सिरसा, 30 जनवरी (हि.स.)। भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों व स्वतंत्रता सेनानियों की याद में शुक्रवार को सिरसा के लघु सचिवालय परिसर में दो मिनट का मौन धारण कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान उपायुक्त शांतनु शर्मा, अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत, एसडीएम राजेंद्र कुमार, जिला परिषद के सीईओ डा. सुभाष चंद्र, जिला खजाना अधिकारी नरेंद्र ढुल, डीआरओ संजय बिश्रोई सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

उपायुक्त शांतनु शर्मा ने कहा कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर शहीदों के बलिदान के कारण ही आज हम आजादी की खुली हवा में सांस ले रहे हैं। उनका बलिदान हमें देशभक्ति और राष्ट्र सेवा की भावना को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे शहीदों के आदर्शों को अपनाएं और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि देश के विकास और एकता को बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इसके अलावा पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों की याद में दो मिनट का मौन रखा गया। डीएसपी आदर्शदीप सिंह ने कहा कि इस दिन को शहीद दिवस के रूप में भी जाना जाता है। इस दिन का महत्व हमें भारत की स्वतंत्रता के लिए अनगिनत व्यक्तियों द्वारा किए गए बलिदानों की याद दिलाने में निहित है। यह देशभक्ति, साहस और राष्ट्र के प्रति प्रतिबद्धता के मूल्यों को प्रतिबिंबित करने और युवाओं को भारत के स्वतंत्रता आंदोलन के समृद्ध इतिहास के बारे में बताने का दिन है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma
