नदिया, 08 फ़रवरी (हि. स.)। कल्याणी स्थित जेएनएम अस्पताल में रविवार को एक सिविक वॉलंटियर की मौत को लेकर अस्पताल परिसर में भारी हंगामा और तोड़फोड़ की गई। आरोप मृतक के परिजनों पर लगा है। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि डॉक्टर, नर्स, मरीज और उनके परिजन डर के मारे इधर-उधर भागने लगे। बाद में पुलिस के पहुंचने पर हालात पर काबू पाया जा सका।

सूत्रों के अनुसार, शनिवार रात ड्यूटी खत्म करने के बाद वह घर लौटा, जहां अचानक उसकी तबीयत गंभीर रूप से बिगड़ गई। परिजनों ने रविवार तड़के करीब पांच बजे उसे इलाज के लिए कल्याणी जवाहरलाल नेहरू मेमोरियल (जेएनएम) अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि गैस की समस्या के कारण शुगर फ्लक्चुएशन हुआ था। उपचार के बावजूद रविवार दोपहर उसकी मौत हो गई।

तपस साहा की मौत की खबर मिलते ही परिजन आक्रोशित हो गए। आरोप है कि मृतक के परिवार के सदस्यों ने पुरुष मेडिसिन विभाग की सिस्टर रूम में जमकर तोड़फोड़ की। आरोप है कि कुछ ही देर में बीजपुर थाना क्षेत्र के कई सिविक वॉलंटियर भी अस्पताल पहुंच गए और तोड़फोड़ में शामिल हो गए। इससे अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद डॉक्टरों और नर्सों में भारी दहशत फैल गई। चिकित्सकों का कहना है कि अस्पताल में उनकी सुरक्षा की कोई व्यवस्था नहीं है। उनका आरोप है कि इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं, लेकिन इसके बावजूद प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है।
फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में स्थिति को नियंत्रित किया गया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
