धर्मशाला, 10 फ़रवरी (हि.स.)। कांगड़ा के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. विवेक करोल ने मंगलवार को सुलह विधानसभा क्षेत्र के डायरिया प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और मरीजों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पनापर गांव तथा नागरिक अस्पताल भवारना पहुंचकर उपचाराधीन मरीजों से मुलाकात की और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली। उनके साथ बीएमओ भवारना सहित स्वास्थ्य विभाग के अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्तमान में नागरिक अस्पताल भवारना में पांच और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) धीरा में तीन मरीज उपचाराधीन हैं। सभी मरीजों की स्थिति सामान्य और स्थिर बताई गई है तथा उनका नियमित उपचार किया जा रहा है।

डॉ. विवेक करोल ने पनापर गांव में आयोजित विशेष स्वास्थ्य शिविर का भी निरीक्षण किया। इस शिविर में डायरिया के लक्षणों वाले 25 लोग जांच के लिए पहुंचे, जिन्हें आवश्यक दवाइयां और उपचार उपलब्ध कराया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में स्थिति लगातार सुधर रही है और डायरिया का प्रकोप अब नियंत्रण में है।
सीएमओ ने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिए कि प्रभावित क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखें और लोगों को स्वच्छ पानी और साफ-सफाई के प्रति जागरूक करें, ताकि बीमारी के फैलाव को पूरी तरह रोका जा सके।
हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया
