कानपुर, 27 जनवरी (हि.स.)। कानपुर में सीएम ग्रिड योजना के अंतर्गत संचालित सभी सड़क निर्माण कार्यों को युद्ध स्तर पर पूर्ण किया जाए। संबंधित विभाग ध्यान दें कि अपने-अपने क्षेत्रों की सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की नियमित समीक्षा करते हुए गुणवत्ता सुनिश्चित कर लापरवाही पाए जाने पर प्रभावी कार्रवाई करें।

यह निर्देश मंगलवार को कानपुर सांसद रमेश अवस्थी ने संबंधित अधिकारियों को दिए।

सांसद रमेश अवस्थी की अध्यक्षता में सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में संसद सदस्य सड़क सुरक्षा समिति एवं जिला विद्यालय व परिवहन सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जनपद में चिन्हित पांच क्रिटिकल कॉरिडोर एवं 264 क्रिटिकल क्रैश लोकेशन पर किए जाने वाले कार्यों की समीक्षा की गई। सांसद ने निर्देश दिए कि इन सभी स्थानों पर शॉर्ट टर्म, मीडियम टर्म और लॉन्ग टर्म कार्ययोजना के अनुसार विस्तृत डाटा तैयार कर एक सप्ताह के भीतर रिपोर्ट प्रस्तुत की जाए, उन्होंने दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए कार्यों को तत्काल, मध्यम अवधि और दीर्घकालीन श्रेणियों में विभाजित कर समयबद्ध क्रियान्वयन पर विशेष जोर दिया।
सांसद ने परिवहन विभाग को स्कूली वाहनों में निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने नियमित अभियान चलाकर औचक निरीक्षण एवं प्रवर्तन कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में अवगत कराया गया कि एक जनवरी 2025 से 31 दिसंबर 2025 की अवधि में जनपद में कुल 58,272 वाहनों का चालान किया गया तथा 3,998 वाहनों को सीज किया गया। इस दौरान 2,384.25 लाख रुपये प्रशमन शुल्क एवं 722.81 लाख रुपये की वसूली की गई।
रोड सेफ्टी कार्यक्रम के अंतर्गत उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इनमें सरसौल विकास खंड की सलेमपुर पंचायत से अमित कुमार, कल्याणपुर के होरा कछार से राम नारायण वर्मा, विधूनू के नगवां से आशीष कुमार, ककवन के उत्तमपुर से अजीत कुमार, बिल्हौर की पूरा पंचायत से अभिजीत सिंह, शिवराजपुर के सैलहा से सुरभि सिंह, चौबेपुर की भिण्डुरी पंचायत से प्रमोद सिंह, भीतरगांव के साढ़ से जगदीश यादव, घाटमपुर की कटरी पंचायत से प्रहलाद सिंह तथा पतारा विकास खंड की पतारा पंचायत से राम भजन पाल शामिल रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
