उरई, 10 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तरप्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं पर जालौन जनपद ने एक बार फिर मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की नवीनतम रैंकिंग में प्रदेश स्तर पर छठा स्थान हासिल किया है। वहीं विकास कार्यों की श्रेणी में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।

मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के अनुसार, जालौन को राजस्व कार्यों में 12वां स्थान मिला है जबकि विकास कार्यों में जनपद प्रदेश में अव्वल रहा है। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट विजन, उत्तर प्रदेश सरकार की पारदर्शी शासन व्यवस्था और मुख्यमंत्री डैशबोर्ड के माध्यम से की जा रही निरंतर समीक्षा का परिणाम है।

आईजीआरएस में जालौन काे प्रदेश में छठा स्थान
जनशिकायत निवारण प्रणाली आईजीआरएस में भी जालौन ने प्रदेश में छठा स्थान प्राप्त किया है। वहीं तहसील कोंच ने शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के आधार पर प्रदेश में पुनः प्रथम स्थान हासिल कर नया कीर्तिमान रचा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल कुमार वर्मा
