कानपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। कृषि अनुसंधान, प्रसार और शिक्षा के क्षेत्र में विश्वविद्यालय को और अधिक गति मिलेगी। नए कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता के नेतृत्व में शोध कार्यों को मजबूती मिलेगी और किसानों तक तकनीक का बेहतर प्रसार होगा। विश्वविद्यालय के विकास को नई दिशा देने का कार्य किया जाएगा। यह जानकारी सोमवार को मीडिया प्रभारी डॉ. खलील खान ने दी।

चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (सीएसए) कानपुर का कुलपति आईसीएआर नई दिल्ली में सहायक महानिदेशक (तिलहन व दलहन) के पद पर कार्यरत डॉ. संजीव गुप्ता को नियुक्त किया गया है। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल व कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उन्हें यह जिम्मेदारी सौंपी है।
डॉ. गुप्ता को कुलपति के रूप में तीन वर्ष की अवधि के लिए नियुक्त किया गया है। इससे पहले मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन को कुलपति का अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। विश्वविद्यालय देश के प्रमुख एवं प्राचीन कृषि संस्थानों में से एक है।
डॉ. संजीव गुप्ता इससे पहले आईसीएआर के विभिन्न संस्थानों में कृषि वैज्ञानिक के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वे सहायक महानिदेशक (तिलहन व दलहन) के पद पर कार्यरत हैं।
उन्हें पादप जैव प्रौद्योगिकी, फसल अनुवांशिकी, पादप प्रजनन तथा आणविक प्रजनन के क्षेत्र में व्यापक शोध अनुभव प्राप्त है। उनके कुलपति बनने से विश्वविद्यालय में शोध, प्रसार और कृषि शिक्षा के कार्यों में नई गति आने की उम्मीद जताई जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मो0 महमूद
