कानपुर, 06 फरवरी (हि.स.)। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) कानपुर के हिन्दी विभाग, भाषा संकाय (स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज) के एम.ए. हिन्दी सत्र 2024–25 के दो मेधावी विद्यार्थियों को बैंक ऑफ बड़ौदा मेधावी विद्यार्थी योजना के अंतर्गत सम्मानित किया गया।

बैंक ऑफ बड़ौदा, कानपुर के क्षेत्रीय कार्यालय, गुमटी नंबर–5 में शुक्रवार को आयोजित सम्मान समारोह में एम.ए. हिन्दी के छात्र मोहिनीश त्रिपाठी एवं छात्रा स्वीकृति को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए बड़ौदा मेधा सम्मान प्रदान किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रबंधक भवानी शंकर परिडा, उप प्रबंधक संजय, राजभाषा अधिकारी रिचा मौर्या सहित बैंक के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
वर्ष 2024–25 में एम.ए. हिन्दी परीक्षा में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने पर मोहिनीश त्रिपाठी को प्रथम पुरस्कार स्वरूप 11,000 रुपये की नकद धनराशि एवं प्रशस्तिपत्र, जबकि द्वितीय स्थान प्राप्त करने पर छात्रा स्वीकृति को 7,500 की नकद धनराशि एवं प्रशस्तिपत्र क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा प्रदान किया गया।
उल्लेखनीय है कि दोनों विद्यार्थी छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के हिन्दी विभाग, भाषा संकाय (स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज) के छात्र हैं। यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के माननीय कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक की नवाचारी दूरदृष्टि तथा स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज के निदेशक डॉ. सर्वेश मणि त्रिपाठी के कुशल एवं प्रेरक नेतृत्व का प्रतिफल मानी जा रही है, जिनके मार्गदर्शन में हिन्दी विभाग निरंतर शैक्षणिक गुणवत्ता और उपलब्धियों के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।
इस अवसर पर स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज के सभी शिक्षकों ने दोनों प्रतिभावान विद्यार्थियों को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएँ प्रेषित कीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
यह सम्मान न केवल विद्यार्थियों की मेधा का प्रमाण है, बल्कि हिन्दी विषय की अकादमिक उत्कृष्टता और विश्वविद्यालय की शैक्षणिक प्रतिष्ठा को भी सुदृढ़ करता है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
