कानपुर, 07 फरवरी (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय के 61वें स्थापना दिवस के अवसर पर स्वर्ण जयंती पुरुष छात्रावास की ओर से शनिवार को एक विशेष फिल्म स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम विश्वविद्यालय के रानी लक्ष्मीबाई ऑडिटोरियम में संपन्न हुआ, जिसमें छात्रों और शिक्षकों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

फिल्म स्क्रीनिंग का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलपति विनय कुमार पाठक के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर निर्देशक सिद्धार्थ गुप्ता की फिल्म ‘द लास्ट डांस’ प्रदर्शित की गई। फिल्म में शिवम पाल ने सह-निर्देशक की भूमिका निभाई, जबकि अभय प्रताप सिंह और जानवी तिवारी ने मुख्य भूमिकाओं में प्रभावशाली अभिनय किया, जिसे दर्शकों ने सराहा।
कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि और चीफ वार्डन सर्वेश मणि त्रिपाठी द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुई। उन्होंने अपने संबोधन में छात्रों की कला और संस्कृति के प्रति रुचि की प्रशंसा करते हुए ऐसे आयोजनों को व्यक्तित्व विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
फिल्म की स्क्रीनिंग के दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक और छात्र बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। दर्शकों की सकारात्मक प्रतिक्रिया ने आयोजन को सफल और प्रेरक बना दिया। इस अवसर पर सोनी गुप्ता, डी. के. सिंह, अंकित त्रिवेदी, लक्ष्मण कुमार सहित कई शिक्षक मौजूद रहे। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में छात्र-छात्राओं की भागीदारी रही, जिससे आयोजन की गरिमा और उत्साह और भी बढ़ गया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
