कानपुर, 07 फरवरी (हि.स.)। छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के अनुसंधान एवं विकास प्रकोष्ठ द्वारा शनिवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें उत्कृष्ट अनुसंधान कार्य, अकादमिक उपलब्धियों और शोध उत्कृष्टता के लिए प्राध्यापकों एवं शोधार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सीएसजेएमयू रिसर्च बुलेटिन के चौथे संस्करण का विमोचन रहा, जिसे विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध कराया गया है।

रिसर्च बुलेटिन विश्वविद्यालय और इसके संबद्ध महाविद्यालयों में हो रहे अग्रणी शोध कार्यों, नवाचारों और अकादमिक उपलब्धियों को प्रस्तुत करने का एक प्रभावी मंच है। समारोह में कुलपति, प्रति कुलपति, कुलसचिव, विभिन्न डीन, निदेशक सीडीसी, संकाय सदस्य, शोध पर्यवेक्षक और शोधार्थी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अनुसंधान एवं विकास सेल की डीन नमिता तिवारी ने वार्षिक अनुसंधान प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि स्कोपस डेटाबेस के अनुसार पिछले एक वर्ष में विश्वविद्यालय के शोधकर्ताओं द्वारा 375 से अधिक शोध पत्र प्रकाशित किए गए हैं। प्रमुख शोध क्षेत्रों में बायोकैमिस्ट्री, जेनेटिक्स, मॉलेक्यूलर बायोलॉजी, इंजीनियरिंग और कंप्यूटर साइंस शामिल हैं।
कुलपति विनय कुमार पाठक ने अपने संबोधन में शोध की गुणवत्ता, नैतिकता, कार्यप्रणाली और सामाजिक प्रासंगिकता पर विशेष जोर दिया। प्रति कुलपति सुधीर कुमार अवस्थी ने भारतीय ज्ञान प्रणाली को आधुनिक शोध से जोड़ने की आवश्यकता बताई। निदेशक सीडीसी आर. के. द्विवेदी ने शोधोन्मुख वातावरण को मजबूत करने की दिशा में विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता दोहराई।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
