
कानपुर, 10 फरवरी (हि.स.)। छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय, कानपुर के परिसर में सोमवार को प्रतिष्ठित कंपनी हाइक एजुकेशन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा एक सफल कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया गया। इस प्लेसमेंट ड्राइव में विश्वविद्यालय के विभिन्न स्नातक एवं परास्नातक पाठ्यक्रमों के अंतिम वर्ष में अध्ययनरत विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। चयन प्रक्रिया का परिणाम मंगलवार को घोषित किया गया।

कंपनी द्वारा आयोजित चयन प्रक्रिया में प्री-प्लेसमेंट वार्ता, दो चरणों की समूह चर्चा तथा अंतिम साक्षात्कार शामिल थे। इस प्लेसमेंट ड्राइव में कुल 152 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जिनमें से अंतिम रूप से चार विद्यार्थियों का चयन किया गया। चयनित विद्यार्थियों को सात करोड़ बासठ लाख रुपये वार्षिक सीटीसी पैकेज प्रदान किया गया है।

चयनित विद्यार्थियों में बी.टेक (कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग) से विशाल राय, एमसीए से रिया कटियार, एमबीए से वैष्णवी गुप्ता तथा बी.कॉम से पीयूष श्रीवास्तव शामिल हैं।
विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल के निदेशक डॉ. प्रवीण भाई पटेल ने अपने संबोधन में बताया कि भविष्य में भी विभिन्न विभागों के विद्यार्थियों के लिए उच्च वेतन पैकेज पर सेल्स प्रोफाइल सहित अन्य क्षेत्रों की कंपनियां साक्षात्कार के लिए आमंत्रित की जाती रहेंगी।
कार्यक्रम का संपूर्ण संचालन विश्वविद्यालय के ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट अधिकारी सौरभ गुप्ता द्वारा किया गया। इस आयोजन को सफल बनाने में प्लेसमेंट विभाग के समस्त कर्मचारियों एवं छात्र स्वयंसेवकों का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। अंत में निदेशक, ट्रेनिंग एवं प्लेसमेंट सेल डॉ. प्रवीण भाई पटेल ने चयनित सभी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं एवं प्रेरणादायी आशीर्वाद प्रदान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
