
सीतापुर, 12 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के बिसवां कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार आधी रात नकाबपोश बदमाशों ने एक घर में घुसकर असलहे के बल पर लूटपाट की। महिलाओं को धमकाते हुए अलमारी का ताला तोड़कर लाखाें की नगदी व जेवरात लेकर फरार हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घटना की जानकारी ली और चार टीमें गठित की।

थाना क्षेत्र के ग्राम मतीकरपुर निवासी अनूप यादव के घर गुरुवार लगभग रात 12 बजे के बाद चार नकाबपोश बदमाशों ने धावा बोल दिया। बदमाशों ने सबसे पहले घर के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर के अंदर मौजूद बुजुर्ग सास, बहू और पोती के जाग जाने पर बदमाशों ने उन्हें असलहे के बल पर चुप रहने की धमकी दी। इसके बाद बदमाशों ने घर में रखी अलमारी का ताला तोड़कर नगदी और जेवरात निकाल लिए। पीड़ित महिलाओं के अनुसार बदमाश करीब डेढ़ से दो लाख रुपये कीमत के जेवरात लेकर फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोगों ने रात में ही पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही एडिशनल एसपी आलोक सिंह, क्षेत्राधिकारी बिसवां अमन सिंह और प्रभारी निरीक्षक राम राघव सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंचे और जांच की। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर बदमाशों की तलाश में जुटी हुई है।
सीओ बिसवां अमन सिंह ने बताया कि परिवार वालों से बातचीत में यह पता चला कि चोरी की नीयत से चार बदमाश घर में रात्रि एक बजे के आसपास घुसे थे। उन्होंने बताया कि इस घटना में परिवार जनाें को किसी भी प्रकार की चोट नहीं पहुंची है । एसओजी सहित चार टीमों का गठन किया गया है। जल्द ही घटना का खुलासा कर लिया जाएगा।
——————-
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
