
सीतापुर, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के सीतापुर में कमलापुर थाना क्षेत्र के कम्हरिया पुल पर रविवार सुबह एक सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। तेज रफ्तार डंफर ने बाइक सवार युवकों को कुचल दिया, जिससे घटनास्थल पर ही दोनों ने दम तोड़ दिया।

मृतकों की पहचान दीपक (19) पुत्र रामू निवासी चौड़िया कोठार थाना रामपुर कलां तथा इंद्रराज (20) पुत्र प्यारेलाल निवासी तेलाईगांव थाना सिधौली के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक शनिवार शाम को लेबर लेने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
थाना प्रभारी इतुल चौधरी ने बताया कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
