

सीतापुर, 12 मार्च (हि.स.)। उत्त्तर प्रदेश के जनपद सीतापुर के कमलापुर थाना क्षेत्र के ऊंचाखेड़ा कलां गांव में बुधवार देर रात दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे में धुत बेटे ने अपनी ही मां की ईंट से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपित बेटे को गिरफ्तार कर लिया और शव को पोस्टमार्टम के भेजा।

घटना की जानकारी गुरुवार को हुई। ऊंचाखेड़ा कलां गांव निवासी मालती (67) पत्नी स्व. मथुरा प्रसाद बुधवार शाम अपने घर पर थीं। इसी दौरान उनका बेटा हरिशंकर शराब पीकर घर पहुंचा तो मां ने उसे टोक दिया। इससे नाराज हरिशंकर ने ईंट से हमला कर अपनी मां मालती की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपित घर के ही एक कमरे में खुद को बंद कर बैठ गया। ग्रामीणों की सूचना पर गुरुवार सुबह पुलिस मौके पर पहुंची और समझा-बुझाकर आरोपित हरिशंकर कमरे से बाहर बुला कर हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ सिधौली कपूर कुमार और अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से घटना की पूरी जानकारी ली। अपर पुलिस अधीक्षक दुर्गेश सिंह ने बताया कि आरोपित नशे का आदी था, हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पत्नी बच्चों संग छोड़ गई घर
आरोपित हरिशंकर की पत्नी सीमा ने बताया कि पति की शराब की लत से तंग आकर वह लंबे समय से अलग रह रही है। वह अपने चार बच्चों—लकी (13), आदित्य (11), अभय (9) और अनिकेत (6) को लेकर लखनऊ में रहकर उनका पालन-पोषण कर रही है। परिजनों के मुताबिक होली से एक दिन पहले भी हरिशंकर ने पत्नी और बच्चों के साथ मारपीट की थी। इससे परेशान होकर पत्नी बच्चों को लेकर अपने मायके चली गई थी। मां मालती भी बेटे के व्यवहार से काफी परेशान थीं। वह कुछ समय के लिए अपनी बेटी के घर चली गई थीं और दो दिन पहले ही वापस गांव लौटी थीं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
