सीतापुर, 07 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत सहरोई सिकटिया गांव में शुक्रवार देर रात काे नशे में धूत एक युवक ने हथाैड़ी से प्रहार करके ताऊ काे घायल कर दिया। शनिवार काे इलाज के दाैरान उनकी माैत हाे गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

सीओ महोली नागेंद्र चतुर्वेदी ने बताया कि गांव का रहने वाला राधेश्याम का पुत्र अनूप कुमार शुक्रवार की देरशाम को नशे की हालत में घर पहुंचा। शराब पीने का विरोध उसके भाई ने किया तो दोनों के बीच तीखी कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में अनूप ने अपनी बाइक गांव के रास्ते पर ही आग के हवाले कर दी। बाइक जलते देख उसके ताऊ गंगाराम मौके पर पहुंचे और भतीजे को फटकार लगाई।

इस पर वह ताऊ से झगड़ा करने लगा और अनूप ने पास में पड़ी हथौड़ी उठाकर गंगाराम के सिर पर जोरदार वार कर दिया। हमले में गंगाराम गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना पाकर थानाध्यक्ष श्यामू कनौजिया और तिहार चौकी पुलिस के चौकी इंचार्ज इंद्रजीत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गये। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। सीओ ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।———————
हिन्दुस्थान समाचार / Mahesh Sharma
