धमतरी, 16 फ़रवरी (हि.स.)। सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं 17 फरवरी से शुरू हो रही है। इस सत्र की बोर्ड परीक्षा में महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। इस सत्र में कक्षा 12 वीं के उत्तर पुस्तिकाओं की जांच डिजिटल माध्यम से आनलाइन की जाएगी। इसके साथ ही कक्षा 10 वीं के विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में विद्यार्थियों के लिए सेक्शन रूल लागू किया गया है। परीक्षा केंद्रों में सुबह 10 बजे के बाद किसी भी स्थिति में विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

जिले में सीबीएसई के कुल 13 स्कूल संचालित है। जिसमें चार शासकीय और नौ निजी सीबीएसई स्कूल संचालित हैं। सत्र 2025 – 26 में कक्षा 10 वीं की बोर्ड परीक्षा 17 फरवरी को गणित विषय एवं 12 वीं की 18 फरवरी को फिजिकल एजुकेशन विषय के साथ शुरू हो रही है। इस परीक्षा के लिए जिले में तीन परीक्षा केंद्र जवाहर नवोदय विद्यालय कुरुद, दिल्ली पब्लिक स्कूल सांकरा और मेनोनाइट इंग्लिश सीनियर सेकेंडरी स्कूल धमतरी को बनाया गया है। जिसमें कक्षा 10 वीं के 722 और 12 वीं के 646 विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। इस परीक्षा को लेकर सीबीएसई द्वारा नियमों में विशेष बदलाव किया गया है। इस सत्र में कक्षा 12 वीं की उत्तर पुस्तिकाओं की जांच आनलाइन होगी। वहीं 10 वीं के विज्ञान और सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में उत्तर लिखने के लिए से सेक्शन रूल लागू किया गया है। 10 वीं की 10 मार्च और 12 वीं की बोर्ड परीक्षा नौ अप्रैल को समाप्त होगी। परीक्षा सुबह 10 : 30 बजे से डेढ़ बजे तक आयोजित होगी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा कक्षा 10 वीं और 12 वीं की परीक्षा में उत्तर लिखने को लेकर नया सेक्शन रूल लागू किया गया है। इसमें विद्यार्थियों को हर प्रश्न का उत्तर संबंधित सेक्शन में ही लिखना होगा। दूसरे सेक्शन में लिखने पर सही उत्तर के भी अंक नहीं मिलेंगे। परीक्षा शुरू होने के बाद विद्यार्थियों को उत्तर पुस्तिकाओं को सेक्शन में बांटना पड़ेगा और उसी सेक्शन में उत्तरों को लिखना होगा। कक्षा 10 वीं के विज्ञान विषय की परीक्षा में उत्तर पुस्तिका में भौतिकी, रसायन और जीव विज्ञान तीन सेक्शन बनाना पड़ेगा। इसी तरह सामाजिक विज्ञान विषय की परीक्षा में इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र और राजनीति विज्ञान चार सेक्शन बनाना होगा। इन सेक्शनों में संबंधित विषय के प्रश्नों को हल करना होगा। बांटे हुए सेक्शन में उत्तर नहीं लिखने पर अंक कटेंगे। जानकारी के अनुसार सीबीएसई बोर्ड की परीक्षा में विद्यार्थियों की कड़ाई से जांच होने के बाद ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। निर्धारित समय सुबह 10 बजे के बाद विद्यार्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा। परीक्षा केंद्रों में इलेक्ट्रानिक डिवाइस मोबाइल, ब्लूटूथ, ईयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, हेल्थ बैंड, स्मार्ट वाच और कैमरा सहित अन्य उपकरण पूरी तरह वर्जित है। परीक्षा केंद्रों में नियमित विद्यार्थियों को स्कूल ड्रेस, स्कूल आईडी और बोर्ड द्वारा जारी प्रवेश पत्र के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा। वहीं प्राइवेट छात्रों को हल्के रंग के कपड़े, प्रवेश पत्र और कोई भी शासकीय पहचान पत्र के बिना प्रवेश नहीं दिया जाएगा। सीबीएसई बोर्ड परीक्षा के जिला समन्वयक डा नितिन शर्मा ने बताया कि सीबीएसई की 10 वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है। जिले के तीन परीक्षा केंद्रों में निर्धारित समय में 10 : 30 बजे से परीक्षाएं शुरू हो जाएगी। विद्यार्थियों समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचे और सभी जरूरी दस्तावेज साथ लेकर आए। इलेक्ट्रानिक डिवाइस पूर्णतः वर्जित है। नियमित विद्यार्थियों के लिए स्कूल का ड्रेस और स्कूल का आईडी कार्ड अनिवार्य है। परीक्षा केंद्रों में सीसीटीवी के माध्यम से कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इसके रिकार्ड को संबंधित केंद्र द्वारा तीन महीने तक सुरक्षित रखा जाना है। साइंस और सोशल साइंस विषय के पेपर में सेक्शन बनाकर संबंधित प्रश्नों के उत्तर लिखना होगा।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा
