
सुपौल, 06 अप्रैल (हि.स.)। भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाकर भारी मात्रा में गांजा बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार एसएसबी की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर सीमावर्ती इलाके में छापेमारी की, जहां तस्करों द्वारा मक्का के खेत में छुपाकर रखे गए 263 किलोग्राम गांजा को जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान एसएसबी जवानों ने मौके से 166 पीस नशीली दवा के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी से जुड़े कई अहम सुराग मिलने की बात कही जा रही है। गिरफ्तार व्यक्ति से पूछताछ कर तस्करी के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
एसएसबी द्वारा की गई तलाशी के दौरान तस्करी से संबंधित कपड़े, खाद्य पदार्थ समेत अन्य सामान भी जब्त किए गए हैं। बताया जा रहा है कि तस्कर इन सामानों का इस्तेमाल सीमावर्ती क्षेत्रों में छिपकर तस्करी के काम को अंजाम देने के लिए करते थे।
एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल सीमा पर मादक पदार्थों की तस्करी को रोकने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। सीमावर्ती इलाकों में गश्त और निगरानी को और सख्त कर दिया गया है, ताकि किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
अधिकारियों के अनुसार जब्त गांजा, नशीली दवाओं और गिरफ्तार आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित एजेंसियों को सौंपने की प्रक्रिया की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
