सीवान, 12 मार्च (हि.स.)। जिले में रसोई गैस की कमी को लेकर फैल रही आशंकाओं के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए आम लोगों को भरोसा दिलाया है कि जिले में घरेलू रसोई गैस का पर्याप्त भंडार उपलब्ध है और आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है। गुरुवार को समाहरणालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय ने कहा कि खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, बिहार सरकार के निर्देश पर जिले में गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोलियम एजेंसियों से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार जिले की आपूर्ति श्रृंखला पूरी तरह सक्रिय है और मांग के अनुरूप सिलेंडरों की आपूर्ति सुचारू रूप से की जा रही है।

जिलाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और गैस एजेंसियों या वितरण केंद्रों पर अनावश्यक भीड़ न लगाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए पूरी तरह सजग है और आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार की नई व्यवस्था के तहत अब घरेलू उपभोक्ता पिछले गैस सिलेंडर की डिलीवरी मिलने के कम से कम 25 दिन बाद ही अगले सिलेंडर की बुकिंग कर सकेंगे। इस व्यवस्था का उद्देश्य गैस की जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाना है, ताकि सभी उपभोक्ताओं तक समान रूप से गैस की आपूर्ति सुनिश्चित हो सके। बुकिंग दर्ज होने के बाद संबंधित गैस वितरक द्वारा दो से तीन कार्य दिवसों के भीतर सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाएगी।
जिलाधिकारी ने कहा कि गैस और पेट्रोलियम पदार्थों की कालाबाजारी तथा अवैध भंडारण को रोकने के लिए प्रशासन ने विशेष निगरानी व्यवस्था लागू की है। इसके तहत मार्केटिंग ऑफिसर को प्रखंडवार प्रतिनियुक्त किया गया है, जो समय-समय पर छापेमारी और औचक निरीक्षण करेंगे।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि कोई एजेंसी या व्यक्ति जमाखोरी अथवा कालाबाजारी में संलिप्त पाया गया तो उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने जिला आपूर्ति पदाधिकारी और अनुमंडल पदाधिकारियों को भी गैस एजेंसियों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए हैं।
अंत में जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से रसोई गैस उपलब्ध कराना है, जिसमें आम लोगों के सहयोग और धैर्य की भी आवश्यकता है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Amar Nath Sharma
