मीरजापुर, 09 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर में अहरौरा थाना क्षेत्र के सुखदरिया दरी जलप्रपात में बुधवार को डूबे वाराणसी के युवक का शव गुरुवार को बरामद कर लिया गया। सब इंस्पेक्टर रजत कुमार गोंड के नेतृत्व में पहुंची एसडीआरएफ टीम ने गुरूवार दिन में करीब 11 बजे गहरे पानी से शव को बाहर निकाला।

इसके बाद अहरौरा पुलिस के एसआई रामदरश यादव ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान सन्नी (25) पुत्र सलीम निवासी चौरहट पड़ाव, वाराणसी के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था।
सन्नी बुधवार को अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने सुखदरिया दरी आया था। पहले सभी लिखनिया दरी जाने वाले थे, लेकिन वहां बंद होने के कारण सुखदरिया दरी पहुंच गए। नहाने और घूमने के दौरान सन्नी कुंडनुमा गहरे पानी के पास गया और फिसलकर डूब गया।
साथियों के अनुसार काफी देर तक वापस न आने पर उसकी तलाश की गई, लेकिन पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। देर शाम तक पुलिस व स्थानीय गोताखोरों ने खोजबीन की, लेकिन अंधेरा होने के कारण अभियान रोकना पड़ा। अगले दिन एसडीआरएफ टीम ने शव बरामद किया।
थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा
