रांची, 25 जनवरी (हि.स.)। आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष सुदेश महतो ने दिशोम गुरु शिबू सोरेन को मरणोपरांत पद्मभूषण देने की घोषणा पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह का आभार व्यक्त किया है।

सुदेश ने रविवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि कहा यह सम्मान न सिर्फ उनके लंबे राजनीतिक और सामाजिक संघर्ष का सम्मान है, बल्कि झारखंड की जनता के गौरव को भी बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन में गुरुजी की भूमिका किसी से छिपी नहीं है। उन्हें सम्मान मिलने की घोषणा से पूरे झारखंड में खुशी की लहर है। उन्होंने गृह मंत्रालय की ओर से पद्म सम्मान के लिए घोषित विभिन्न क्षेत्रों में असाधारण सेवा देने वाली कुल 131 विभूतियों को भी बधाई दी है।
वहीं,आजसू पार्टी के केंद्रीय उपाध्यक्ष प्रवीण प्रभाकर ने भी गुरुजी शिबू सोरेन को पद्मभूषण मिलने पर हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि झारखंड आंदोलन में हम सबने गुरुजी से संघर्ष की प्रेरणा ली। उन्होंने कहा कि उन्हें सम्मान मिलने पर प्रत्येक झारखंड आंदोलनकारी खुद को सम्मानित महसूस कर रहा है। उन्होंने कहा कि गुरुजी की जीवनयात्रा संघर्ष का प्रतीक है।
आजसू पार्टी के मुख्य प्रवक्ता डॉ देवशरण भगत ने कहा कि गुरुजी शिबू सोरेन को पद्मभूषण से सम्मानित करने की घोषणा से पूरा झारखंड आह्लादित है। यह सम्मान देश के पूरे आदिवासी समाज का सम्मान है। उन्होंने एनडीए सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी काे इसके लिए आभार जताया है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
