पटना, 11 मार्च (हि.स.)। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि सुपौल जिला के बीरपुर एयरपोर्ट के विकास और उन्नयन के लिए टेंडर जारी किया गया है। कोड-2बी श्रेणी के विमानों के संचालन के लिए प्री-फैब्रिकेटेड स्टील स्ट्रक्चर टर्मिनल भवन, प्री-इंजीनियर्ड एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टावर, प्री-इंजीनियर्ड फायर स्टेशन तथा एयरपोर्ट से जुड़े अन्य भवनों का निर्माण किया जाएगा। परियोजना की अनुमानित लागत 36.38 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। और इसे पूरा करने के लिए 15 माह की समयावधि तय की गई है।

इस परियोजना का उद्देश्य बीरपुर एयरपोर्ट को आधुनिक सुविधाओं से लैस करना और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत बनाना है। बीरपुर एयरपोर्ट निर्माण से मधुबनी, मधेपुरा, सहरसा, अररिया समेत सीमावर्ती और आसपास के क्षेत्रों में हवाई सेवा को विस्तार मिलेगा।
उपमुख्यमंत्री श्री चौधरी ने कहा कि राज्य में हवाई संपर्क और आधारभूत संरचना को मजबूत करने के लिए एनडीए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। हाल ही में मुजफ्फरपुर में निर्माणाधीन हवाईअड्डे के रनवे निर्माण के लिए 43 करोड़ 13 लाख रुपये का टेंडर जारी किया गया है। इसके साथ ही एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने वाल्मीकिनगर एयरपोर्ट के विकास और उन्नयन के लिए भी 38.64 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया है और अब बीरपुर एयरपोर्ट के विकास और उन्नयन के लिए 36.38 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार सहरसा एयरपोर्ट निर्माण के लिए भी लगातार प्रयासरत है। जल्द ही यहां भी एयरपोर्ट निर्माण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। राज्य सरकार निर्माणाधीन एयरपोर्ट की बारीकी से निगरानी भी कर रही ताकि गुणवत्ता पूर्ण और तय समय में कार्य पूरा किया जा सके।
सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सतत प्रयासों से तेजी से हो रहे एयरपोर्ट निर्माण से जहां बिहार में हवाई संपर्क को नई मजबूती मिलेगी वहीं पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी
