सुपौल, 19 मार्च (हि.स.)। जिले के सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में गुरुवार को एक मरीज को मृत घोषित किए जाने के बाद परिजनों द्वारा हंगामा किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में कुछ समय के लिए अफरातफरी का माहौल बन गया।

इमरजेंसी ड्यूटी में तैनात डॉक्टर रणधीर कुमार के पास कणपुर निवासी बम-बम पासवान अपने एक परिजन को गंभीर हालत में इलाज के लिए लेकर पहुंचे थे। जांच के बाद डॉक्टर ने मरीज को मृत घोषित कर दिया।
मरीज की मौत की सूचना मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे और इमरजेंसी वार्ड में हंगामा शुरू कर दिया। परिजनों ने इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति को बिगड़ता देख अस्पताल प्रशासन ने तत्काल सदर थाना को सूचना दी और उच्च अधिकारियों को भी अवगत कराया।
सूचना मिलते ही सदर थाना अध्यक्ष पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराया तथा पूरे मामले की जानकारी ली। थाना अध्यक्ष ने बताया कि संबंधित पक्ष से आवेदन प्राप्त हो गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इधर, इस घटना की सूचना सिविल सर्जन को भी दी गई है। वहीं डॉक्टर रणधीर कुमार ने भी थाना प्रभारी को आवेदन देकर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग की है।
घटना के बाद डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे कार्य बहिष्कार पर जा सकते हैं। फिलहाल पुलिस और स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / विनय कुमार मिश्र
