नई दिल्ली, 01 अप्रैल (हि.स.)। दिल्ली के खाद्य सुरक्षा विभाग ने राजधानी में खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए निगरानी एवं प्रवर्तन की कार्रवाई को और तेज कर दिया है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि दिल्ली के प्रत्येक नागरिक के लिए सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना हमारी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। खाद्य सुरक्षा विभाग को किसी भी उल्लंघन के खिलाफ तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि दिल्ली के अलग-अलग जिलों में लगातार निरीक्षण और विशेष निगरानी अभियान के दौरान विभिन्न खाद्य व्यवसाय संचालकों से कुल 98 खाद्य नमूने लिए गए हैं। इन नमूनों में आमतौर पर इस्तेमाल होने वाली खाद्य वस्तुएं जैसे मिठाइयां, डेयरी उत्पाद, मसाले और अन्य जरूरी खाद्य सामग्री शामिल थीं। खाद्य सुरक्षा प्रयोगशाला द्वारा अब तक 54 नमूनों की जांच रिपोर्ट जारी की जा चुकी है, जिनमें सभी नमूने निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप पाए गए हैं। अब तक मिली रिपोर्ट में कोई भी नमूना असुरक्षित या मानकों पर खड़ा उतरने में असफल नहीं पाया गया है। बाकी बचे नमूनों की जांच जारी है और उनकी विस्तृत रिपोर्ट का इंतजार है।
मंत्री ने कहा कि नवरात्रि के दौरान भी इस तरह के विशेष अभियान के तहत विभाग ने बड़े पैमाने निरीक्षण किए, जिसमें व्रत के दौरान सेवन किए जाने वाले खाद्य पदार्थों जैसे कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा, साबूदाना, फल एवं डेयरी उत्पादों पर विशेष तौर पर ध्यान दिया गया। खास तौर से बाजारों, मंडियों, खुदरा दुकानों, झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों, अनधिकृत कॉलोनियों और अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाए गए, ताकि त्योहारों के दौरान सुरक्षित एवं मानक के अनुरूप खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित हो सके।
खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत चल रहे निगरानी और नियामक ढांचे के अंतर्गत इस अवधि के दौरान कुल 165 खाद्य नमूने लिए गए, जिनमें 138 निगरानी नमूने और 27 प्रवर्तन नमूने शामिल थे। नवरात्रि के दौरान कोई भी खाद्य पदार्थ को लेकर कोई अवांछित घटना सामने नहीं आई।
मंत्री ने कहा कि विभाग खाद्य पदार्थों में मिलावट के प्रति कड़ी निगरानी एवं जीरो टॉलरेंस की अपनी नीति पर कायम है। जन स्वास्थ्य की सुरक्षा और उपभोक्ताओं का विश्वास बनाए रखने के लिए राजधानी के सभी जिलों में नियमित निरीक्षण, सतत निगरानी एवं त्वरित प्रवर्तन कार्रवाई लगातार जारी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धीरेन्द्र यादव
