सुलतानपुर, 30 जनवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के रामगढ़ बनकटवा गांव में शुक्रवार शाम एक पॉलीथीन में महिला का एक हाथ और एक पैर का पंजा कटा खेत में मिला है। घास काट रही महिला ने इसकी सूचना ग्रामीणों क़ो दिया । सूचना पर पहुँची पुलिस ने अवशेष क़ो कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दिया है।

सड़क किनारे गाँव निवासी जितेंद्र के गेहूं के खेत में शुक्रवार शाम गांव की एक महिला घास काटने गई थी। एकाएक उसकी नजर एक पॉलीथीन पर पड़ी। उसने आगे बढ़ कर उसे उठाकर खोला तो अंदर महिला के हाथ और पैर के कटे हुए पंजे देखकर वो दंग रह गई। उसने दौड़ कर गांव वालों क़ो बताया। खबर मिलते ही सैकड़ों लोग मौके पर जमा हो गए। लोगों ने पुलिस क़ो सूचना दिया। जिस पर लंभुआ कोतवाल धीरज कुमार दल बल के साथ मौके पर पहुंचे उन्होंने प्रारम्भिक जांच किया।
मौके पर फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली गई। कोतवाल धीरज कुमार ने बताया कि सड़क से बीस मीटर दूर खेत में शरीर के अंग मिले हैं। हम हर पहलू पर जांच कर रहे हैं। अवशेष तीन चार दिन पुराना लग रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त
