सुलतानपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ में एक घायल गौकश सहित तीन को गिरफ्तार किया गया है।

अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बुधवार को बताया कि सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध व्यक्ति जा रहे हैं। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इटकौली जंगल के पास घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगे और फायरिंग शुरू कर दी।
आत्मरक्षा में पुलिस की जवाबी फायरिंग में अफरोज (28 ) के पैर में गोली लग गई। मौके से दो अन्य आरोपितों, मोहम्मद गुलफाम उर्फ इमरान और आजाद—को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपित को इलाज के लिए सीएचसी जयसिंहपुर भेजा गया है। इन्हीं आरोपितों को छोड़ने के आरोप में कल ही गोसाईगंज थाना अध्यक्ष एक उपनिरीक्षक व मुख्य आरक्षी को पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने निलंबित कर दिया था।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त
