सुलतानपुर, 19 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में जिला सुलतानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पेड़ से लटका मिला है। परिजनों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि युवक की हत्या करके शव पेड़ पर लटकाया गया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच कर रही है।

क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने गुरुवार को बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि बुधवार देर रात को पूरे सूबेदार मजरे बिसावां गांव एक पेड़ से शर्ट के सहारे एक युवक की लाश लटक रही है। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान राहुल यादव (18) यादव के रूप में की गई है। परिजनों ने पुलिस को बताया कि राहुल बीती रात को घर से निकला और वापस नहीं लौटा। घरवालों ने आरोप लगाया है कि युवक की हत्या करके शव को पेड़ से लटकाया गया है।
क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त
