सूरजपुर, 01 अप्रैल (हि.स.)। सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड में शिक्षा की गुणवत्ता और योजनाओं की प्रगति को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। अपार आईडी निर्माण में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

विकासखंड ओड़गी में संकुल प्राचार्यों एवं संकुल समन्वयकों (सीएसी) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें अपार आईडी निर्माण, बायोमेट्रिक आधार अपडेट और शैक्षिक गुणवत्ता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संकुलवार विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विजेंद्र सिंह पाटले ने की।
बैठक के दौरान सीईओ पाटले ने अपार आईडी निर्माण में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित संकुल समन्वयकों और प्राचार्यों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि लक्ष्य के अनुरूप कार्य नहीं करने वाले अधिकारियों का वेतन रोका जाएगा। उन्होंने बताया कि अपार आईडी केंद्र सरकार की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसके माध्यम से प्रत्येक छात्र की शैक्षणिक उपलब्धियों और पुरस्कारों का डिजिटल रिकॉर्ड सुरक्षित रखा जाता है। ऐसे में हर छात्र का अपार आईडी बनाना अनिवार्य है और इसमें लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक के बाद सीईओ पाटले ने पीएम श्री प्राथमिक शाला महुली का औचक निरीक्षण भी किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने शैक्षिक गुणवत्ता से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की गहन जांच की और छात्रों से सीधे संवाद कर उनके ज्ञान स्तर का आकलन किया। भाषा और गणित में कमजोर पाए गए छात्रों के लिए 30 अप्रैल तक विशेष रेमेडियल टीचिंग संचालित करने के निर्देश शिक्षकों को दिए गए।
बैठक में जिला मिशन समन्वयक (समग्र शिक्षा) मनोज कुमार साहू, विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप सिंह, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी नीलेश सोनी, बीआरसी नरेंद्र दुबे, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी अभिषेक सिंह सहित सभी संकुल प्राचार्य और संकुल समन्वयक उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
