सूरजपुर, 18 मार्च (हि.स.)। जिला प्रशासन सूरजपुर और माँ बागेश्वरी धाम ट्रस्ट कुदरगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में 23 से 25 मार्च तक कुदरगढ़ महोत्सव 2026 का आयोजन किया जाएगा। तीन दिवसीय इस महोत्सव में खेल, संस्कृति और आध्यात्म का संगम देखने को मिलेगा।

महोत्सव के तहत अखिल भारतीय कुश्ती प्रतियोगिता के साथ जिला स्तरीय वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वॉलीबॉल और कबड्डी प्रतियोगिताएं पुरुष वर्ग के लिए होंगी, जिनमें सूरजपुर जिले के खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए कोई आयु सीमा निर्धारित नहीं है और प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रखा गया है। खिलाड़ियों को 20 मार्च शाम 5 बजे तक पंजीयन कराना अनिवार्य होगा।
प्रतियोगिता में भाग लेने के इच्छुक खिलाड़ी अपने-अपने विकासखंड के निर्धारित प्रतिनिधियों से संपर्क कर पंजीयन करा सकते हैं। प्रशासन ने अधिक से अधिक खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने की अपील की है।
महोत्सव के तीसरे दिन 25 मार्च को शाम 7 बजे पामगढ़ के मल्लखम्ब खिलाड़ियों द्वारा विशेष प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिसमें शौर्य और नृत्य कला का अद्भुत संगम दर्शकों को देखने को मिलेगा। आयोजकों के अनुसार यह प्रदर्शन महोत्सव का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय
